हैदराबाद( एजन्सी),अग्रवाल समाज तेलंगाना द्वारा आयोजित सुपर सिंगर प्रतियोगिता का भव्य ग्रांड फिनाले आज रविवार, दि. 4 जनवरी को भारतीय विद्या भवन, किंग कोटी में बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न होने जा रहा है। अग्रवाल समाज तेलंगाना की इस नई पहल को लेकर समुचे अग्रवाल समाज के युवा, वरिष्ठ, महिलाएं और परिवार में उत्साह चरम पर है।कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 5:00 बजे महाराज श्री अग्रसेन जी की पूजा-अर्चना से होगा। उपरांत संगीत, प्रतिभा और सामाजिक एकता से ओत-प्रोत यह कार्यक्रम अपने चरम पर पहुंचेगा।
समाज की उन्नति को लेकर विभिन्न कार्यक्रमों पर ध्यान केंद्रित : अनिरुद्ध गुप्ता
समाज के अध्यक्ष अनिरुद्ध गुप्ता ने कहा कि अग्रवाल समाज केवल व्यापार या सामाजिक मेल-जोल तक सीमित नहीं है, बल्कि वह संस्कृति, कला और प्रतिभा के संरक्षण को भी अपनी जिम्मेदारी मानता है। उन्होंने कहा कि सुपर सिंगर जैसे कार्यक्रम समाज की छुपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं और यह पहल समाज की समग्र उन्नति की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य समाज के हर आयु वर्ग को जोड़ना और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है। आगे भी ऐसे रचनात्मक और प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ।
सुपर सिंगर के विजेता समाज के प्रेरणास्रोत होंगे : विकास केशान
समाज के महासचिव विकास केशान ने बताया कि सुपर सिंगर प्रतियोगिता केवल एक गायन मंच नहीं है, बल्कि यह समाज की पहचान और गौरव से जुड़ा हुआ आयोजन बन चुका है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के विजेता भविष्य में समाज के प्रेरणास्रोत के रूप में विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में समाज का प्रतिनिधित्व करेंगे। विजेता समाज की प्रेरणा बनेंगे और नई पीढ़ी को आगे बढ़ने का संदेश देंगे ।
यह मंच समाज में सकारात्मक एवं याेजनाबद्ध नई ऊर्जा प्रदान करेंगा : दिलीप पंसारी
अग्रवाल समाज तेलंगाना सुपर सिंगर आयोजन समिति के चेयरमैन दिलीप पंसारी ने कहा कि एएसटीएसएस जैसे मंच समाज में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम वरिष्ठ नागरिकों को भी सक्रिय भागीदारी का अवसर देते हैं, जिससे समाज में आत्मीयता और एकजुटता बढ़ती है। यह आयोजन समाज को जोड़ने वाला सेतु है और इससे सांस्कृतिक चेतना मजबूत होती है।
इस प्रतियोगिता में कुल 80 पुरुष एवं महिला प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। 15 दिसंबर को हुए पहले ऑडिशन में 45 प्रतिभागी बाहर हुए। 22 दिसंबर को दूसरे ऑडिशन में 20 प्रतिभागी चयन से बाहर हुए। इस प्रकार कुल 15 प्रतिभागी ग्रांड फिनाले के लिए चयनित हुए हैं। ग्रांड फिनाले में: 45 वर्ष तक की आयु वर्ग में 5 में से 3 विजेता होंगे और 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 10 में से 3 विजेता चुने जाएंगे। कुल 15 प्रतिभागी अपने सुरों से दर्शकों और निर्णायकों का दिल जीतने के लिए मंच पर उतरेंगे। अग्रवाल समाज की यह अभिनव पहल न केवल प्रतिभाओं को पहचान देने का कार्य कर रही है, बल्कि समाज को एक सूत्र में पिरोकर नई दिशा और नई पहचान भी दे रही है।
फाइनलिस्ट -अशोक बंसल, माणिकलाल अग्रवाल, विश्वनाथ अग्रवाल, उमेश अग्रवाल, विकास अग्रवाल, कनक पित्ती, अनूप अग्रवाल, संदीप अग्रवाल, शिखा अग्रवाल, निधीश सिंघल और विशाल अग्रवाल ने समाज द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए संतोष व्यक्त किया। सभी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से न केवल उनकी प्रतिभा को मंच मिलता है, बल्कि समाज में एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना भी बढ़ती है। अग्रवाल समाज, तेलंगाना ने इस कार्यक्रम के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को सम्मान देने के साथ-साथ सांस्कृतिक और सामाजिक चेतना फैलाने का भी प्रयास किया।



